Jaipur: प्रदेश की 16वीं विधानसभा के पहले सत्र का आगाज शुक्रवार (Rajasthan Assembly Session) को हो रहा है। सत्र के दौरान राज्य का बजट पेश किया जाएगा। इसकी तिथि बिजनेस एडवायजरी कमेटी में तय होगी। सदन सुचारू रूप से चले, इसे लेकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को दोपहर में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में सीएम भजन लाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित सभी दलों के एक-एक विधायकों को आमंत्रित किया गया है। हालांकि रालोपा विधायक हनुमान बेनीवाल ने बैठक का बहिष्कार कर दिया है।
सत्र के पहले दिन होगा राज्यपाल का अभिभाषण
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसमें भजनलाल सरकार की आगामी कार्ययोजना की झलक दिखेगी। अभिभाषण से पता चलेगा कि सरकार किस तरह काम करेगी, किस तरह की योजनाओं पर फोकस करेगी। सरकार ने पिछली 2 जनवरी को कैबिनेट सब कमेटी का गठन किया था, जिसकी देखरेख में अभिभाषण तैयार किया गया है।
भाजपा विधायक दल की बैठक
विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर भाजपा विधायक दल (Rajasthan Assembly Session) की बैठक गुरुवार शाम को भाजपा कार्यालय पर रखी गई है। इस बैठक में सीएम भजन लाल शर्मा सहित कई विधायक शामिल होंगे। बैठक में तय किया जाएगा कि विपक्ष के आरोपों का किस तरह से जवाब दिया जाए। किन-किन सदस्यों को बोलना है और किन्हें विपक्ष के हमलों का जवाब देना है, इस पर भी बैठक में चर्चा होगी।
प्रश्नोत्तर की जवाबदारी इन 3 मंत्रियों के जिम्में
विधानसभा में प्रश्नों के उत्तर के लिए सरकार ने तीन मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा अपने विभागों के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 9 विभागों से जुड़े सवालों के जवाब भी देंगे। मीणा को कृषि विपणन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता विभाग, इंदिरा गांधी नहर, मत्स्य, श्रम, कारखाना और बॉयलर्स निरीक्षण, अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ, सूचना एवं जनसंपर्क और शांति एवं अहिंसा विभाग शामिल हैं। इसी तरह गजेंद्र सिंह खींवसर को सीएम भजनलाल के गृह, एसीबी, जेल, खान एवं पेट्रोलियम, आबकारी, आयोजना, कराधान, आयोजन एवं सांख्यिकी विभाग से जुड़े सवालों के जवाब देने के लिए अधिकृत किया गया है। मंत्री मदन दिलावर को अपने विभागों के साथ मुख्यमंत्री के 12 विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। इनमें कार्मिक, नीति निर्धारण प्रकोष्ठ, मुख्यमंत्री सचिवालय, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय, सामान्य प्रशासन, संपदा, मंत्रिमंडल सचिवालय, राजस्थान स्टेट मोटर गैराज, मुद्रण एवं लेखन सामग्री, राजकीय उपक्रम, अप्रवासी भारतीय, निर्वाचन, भाषा एवं पुस्तकालय विभाग शामिल हैं।