Jaipur: लोकसभा चुनावों के मद्देनजर मंगलवार से (Loksabha Election 2024) प्रदेश में केन्द्रीय नेताओं के दौरे शुरू हो रहे हैं। इसकी शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। शाह एक दिन में राजस्थान की 9 लोकसभा सीटों को कवर करेंगे। बीजेपी ने प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों को 8 क्लस्टर में बांटा हैं। अमित शाह बीकानेर, उदयपुर और जयपुर कलस्टर के अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। बीकानेर में शाह लोकसभा की प्रबंधन समिति, चुनाव समन्य समिति, और लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। उदयपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन और जयपुर में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाह सबसे पहले बीकानेर, उसके बाद उदयपुर और शाम को जयपुर आएंगे।
25 फरवरी को यूपी के उप मुख्यमंत्री आएंगे राजस्थान
शाह के बाद 25 फरवरी को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का लोकसभा क्लस्टर अभियान के तहत कार्यक्रम बन रहा है। क्लस्टर अभियान के तहत बीकानेर क्लस्टर में बीकानेर, श्रीगंगानगर और चुरू, उदयपुर क्लस्टर में उदयपुर, डूंगरपुर-बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ और जयपुर क्लस्टर में जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण और दौसा लोकसभा सीट शामिल हैं। हर क्लस्टर कार्यक्रम में उस क्लस्टर में शामिल तीनों लोकसभा सीटों के कार्यकर्ता, विधायक, मंत्री, पदाधिकारी और प्रबुद्धजन शामिल होंगे।
25 को मौर्य, फिर नड्डा और शाह के कार्यक्रम बनेंगे
इसी तरह से दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Loksabha Election 2024) संभाग स्तर की बैठक लेंगे। हालांकि अभी तक मौर्य का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। लेकिन पार्टी सूत्रों की मानें तो 25 फरवरी को केशव प्रसाद मौर्य अलवर संभाग सहित तीन संभागों के क्लस्टरों की बैठक लेंगे। इसके बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुजरात छतीसगढ़, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सहित तमाम उन राष्ट्रीय नेताओं के दौरे होंगे। जो लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।
ये रहेगा केंद्रीय गृह मंत्री शाह का शेड्यूल
कार्यक्रम के अनुसार शाह सबसे पहले दिल्ली से बीकानेर पहुंचेंगे। वे दोपहर करीब 12:10 पर बीकानेर के रानी बाजार स्थित पार्क पैराडाइज में लोकसभा की प्रबंधन समिति, चुनाव समन्य समिति और लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके बाद शाह बीकानेर से उदयपुर पहुंचेंगे। यहां वे दोपहर 2:55 पर कृषि उपज मंडी में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम को शाह उदयपुर से जयपुर आएंगे। जयपुर में वे शाम को 5:25 पर जवाहर नगर स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करेंगे।