Jaipur: लोकसभा चुनावों को लेकर बीजेपी की राजस्थान (Loksabha Election 2024) में बची 10 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कल हो सकती है। आज दिल्ली में केन्द्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक प्रस्तावित हैं। बैठक में राजस्थान की 10 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए जाएंगे। इनमें 6 पर नए चेहरों को उतारा जा सकता है। दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में यह बैठक होगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। साथ ही राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी मौजूद रहेंगे। दरअसल, राजस्थान में पहले चरण में 12 लोकसभा सीटों के लिए 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। इसमें से बीजेपी ने अभी तक 6 सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। वहीं, दूसरे चरण में 26 अप्रैल को वोटिंग होगी। इसमें 4 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है।
16 मार्च को हुई थी बैठक
बता दें कि 10 लोकसभा सीटों पर नामों को लेकर प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में रायशुमारी हो चुकी है। बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में 16 मार्च को प्रदेश बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई थी। इसमें सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, राजेन्द्र राठौड़ और सतीश पूनिया मौजूद रहे थे।
कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा के बाद बदले समीकरण
बैठक में कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद बदले समीकरण, कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए नेताओं की डिमांड सहित सभी पहलूओं को लेकर चर्चा की गई थी। इसके बाद आज सीईसी के सामने इन नामों के पैनल को रखा जाएगा। सीईसी से पहले सीएम भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी केन्द्रीय नेताओं के साथ भी नामों के पैनल को लेकर चर्चा कर सकते हैं।
10 में से 6 सीटों पर नए प्रत्याशी
राजस्थान की शेष 10 लोकसभा सीटों में से बीजेपी 6 सीटों पर नए प्रत्याशी उतार सकती है। जयपुर ग्रामीण से सांसद रहे कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भजनलाल सरकार में मंत्री है। ऐसे में इस सीट पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राव राजेन्द्र को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। लेकिन कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए लालचंद कटारिया के नाम को लेकर भी बैठक में चर्चा होगी। इसके साथ ही महिला चेहरे के रूप में बीजेपी नेता राखी राठौड़ का नाम भी पैनल में भेजा गया हैं।
सतीश पूनिया का नाम भी पैनल में
इसी तरह से अजमेर लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद (Loksabha Election 2024) भागीरथ चौधरी को पार्टी ने विधानसभा में प्रत्याशी बनाया था। लेकिन वो चुनाव हार गए थे। ऐसे में उनका टिकट कटना तय माना जा रहा है। यहां से बीजेपी पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया का नाम भी पैनल में भेजा गया है। दीया कुमारी के उप मुख्यमंत्री बनने से राजसमंद सीट पर भी बीजेपी को नया चेहरा उतारना पड़ेगा। यहां से पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ का नाम पैनल में भी गया है। इसके अलावा लोकेन्द्र सिंह कालवी के बेटे भवानी कालवी और पूर्व सांसद हरिओम सिंह राठौड़ के बेटे करणवीर सिंह का नाम भी पैनल में शामिल हैं।
झुंझुनूं सीट से कोई नया चेहरा उतार सकती हैं पार्टी
झुंझुनूं सीट से सांसद नरेन्द्र कुमार को भी पार्टी ने विधानसभा में प्रत्याशी बनाया था। लेकिन वो चुनाव हार गए थे। ऐसे में यहां से भी पार्टी किसी नए चेहरे को प्रत्याशी बना सकती है। इस सीट पर सांसद नरेन्द्र कुमार की बहू हर्षिनी कुल्हरी का नाम भी चल रहा है। इसी तरह से दौसा, टोंक-सवाई माधोपुर, करौली-धौलपुर और जयपुर शहर लोकसभा सीट पर भी बीजेपी नए प्रत्याशी की घोषणा कर सकती है।
3 से 4 सीटों पर रिपीट हो सकते है प्रत्याशी
6 सीट के अलावा शेष रही 4 में से कुछ सीटें ऐसी है, जहां वर्तमान सांसद को भी रिपीट किया जा सकता है। इन सीटों में सबसे ज्यादा चर्चा श्रीगंगानगर सीट को लेकर है। यहां से पार्टी वर्तमान सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री निहालचंद मेघवाल को रिपीट कर सकती हैं। हालांकि बीजेपी एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मेघवाल का नाम भी पैनल में शामिल हैं।
भीलवाड़ा सीट पर सांसद रिपीट करने पर विचार
इसी तरह से भीलवाड़ा लोकसभा सीट (Loksabha Election 2024) से भी पार्टी मौजूदा सांसद सुभाष चंद्र बहेड़िया को रिपीट करने पर विचार कर रही है। हालांकि इस सीट पर पैनल में सुभाष चंद्र बहेड़िया के नाम के साथ प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल का नाम भी पैनल में भेजा गया हैं। वहीं, जयपुर शहर लोकसभा सीट पर भी असमंजस की स्थिति हैं। इस सीट पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व मंत्री अरूण चतुर्वेदी का नाम चर्चाओं में है। लेकिन पैनल में मौजूद सांसद रामचरण का नाम सबसे पहले भेजा गया हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जातिगत समीकरण और राजस्थान की प्रमुख सीट होने के चलते बीजेपी यहां से मौजूदा सांसद रामचरण बोहरा को रिपीट कर सकती हैं।