कन्नौज: उत्तरप्रदेश के कन्नौज में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार THAR ने एक ही बाइक पर सवार चार दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, THAR की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक उछलकर 15 से 20 मीटर दूर जा गिरे। हादसे के बाद THAR चालक मौके पर रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर फरार हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
120 की रफ्तार में आई THAR, बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ। सोमवार देर रात चार दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही THAR ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे रही होगी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चारों युवक उछलकर 15 से 20 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक भी पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर मौत
इस भीषण हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अगौस गांव निवासी मनीष कुमार (28), वेद प्रकाश (40) और विजय (35) के रूप में हुई है।वहीं, चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।
टक्कर मारने के बाद THAR चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक को टक्कर मारने के बाद THAR चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। वह मौके से तेज रफ्तार में फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया।
एक ही बाइक पर सवार थे चारों दोस्त, हेलमेट भी नहीं पहना था
जानकारी के अनुसार, चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट भी नहीं पहना था।हादसे के बाद पुलिस फरार THAR और उसके चालक की तलाश में जुटी है। साथ ही दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।