कानपुर: उत्तरप्रदेश के कानपुर में सोमवार तड़के एक पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और 15 साल के किशोर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए। आग से बचने के लिए अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए करीब 20 से 25 लोग बालकनी से नीचे कूद गए। कुछ लोगों ने साड़ी का रस्सा बनाकर उतरने की कोशिश की, लेकिन गिरने से कई लोग घायल हो गए। दमकल और पुलिस की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सुबह 4:30 बजे नीचे के फ्लैट में लगी आग, तेजी से फैली लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राधिका अपार्टमेंट में कुल 12 परिवार रहते हैं। सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे अचानक इमारत के निचले फ्लैट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पार्किंग से होते हुए ऊपर की मंजिलों तक फैल गई।सुबह के समय लोग अपने फ्लैट में सो रहे थे। अचानक धुआं और आग की लपटें देखकर लोग घबराकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। कुछ लोग फ्लैटों में ही फंस गए, जबकि कई परिवारों ने अपनी जान बचाने के लिए बालकनी का सहारा लिया।
जान बचाने के लिए बालकनी से कूदे 20-25 लोग
आग तेजी से फैलने के कारण अपार्टमेंट के कई लोगों के सामने बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। ऐसे में करीब 20 से 25 लोग अपनी जान बचाने के लिए बालकनी से नीचे कूद गए।कुछ लोगों ने साड़ी को जोड़कर रस्सी बनाई और उसके सहारे नीचे उतरने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान संतुलन बिगड़ने से कुछ लोग नीचे गिरकर घायल हो गए। एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी टूटने की जानकारी सामने आई है।वहीं आसपास के लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। पड़ोसियों ने बगल के मकान से पटरे लगाकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस और दमकल की टीम ने सीढ़ी लगाकर 6 लोगों को निकाला
अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इमारत में फंसे लोगों को निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर अपार्टमेंट में फंसे छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान राखी साहू (48) और प्रांजुल उर्फ प्रांजल बाथम (15) के रूप में हुई है।आग की चपेट में आने से दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। कई अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पार्किंग में खड़ी बाइक और स्कूटी जलकर राख
आग का असर अपार्टमेंट की पार्किंग में भी देखने को मिला। वहां खड़ी कई स्कूटी और बाइकें जलकर राख हो गईं। आग की लपटों और धुएं ने इमारत के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया था।पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फीलखाना थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी इलाके में हुआ। घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।