लखनऊ: उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत तेज हो गई है। कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीट शेयरिंग पर चर्चा के लिए सपा ने चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। इसमें सांसद राजीव राय, सांसद इकरा हसन और सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल को सदस्य बनाया गया है। यह कमेटी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और उसकी गठबंधन समिति के साथ समन्वय करेगी। कमेटी के सदस्य सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए दिल्ली रवाना होंगे।
रामगोपाल यादव करेंगे कमेटी की अगुआई
सपा नेतृत्व ने कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।कमेटी में घोसी से सांसद राजीव राय, कैराना से सांसद इकरा हसन और उत्तर प्रदेश सपा अध्यक्ष श्यामलाल पाल को शामिल किया गया है। यह कमेटी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत कर सीटों के बंटवारे से जुड़े मुद्दों पर सहमति बनाने की कोशिश करेगी।
कमेटी में अनुभव और जातीय समीकरणों का रखा ध्यान
सपा ने कमेटी के गठन में राजनीतिक अनुभव, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखा है। चारों नेताओं की अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों में राजनीतिक पकड़ को देखते हुए उन्हें जिम्मेदारी दी गई है।
प्रो. रामगोपाल यादव (अध्यक्ष): पार्टी के वरिष्ठ रणनीतिकारों में शामिल रामगोपाल यादव को राष्ट्रीय राजनीति और दूसरे दलों के शीर्ष नेताओं से बातचीत का लंबा अनुभव है। गठबंधन की रणनीति और सीटों के बंटवारे पर बातचीत की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।
श्यामलाल पाल (प्रदेश अध्यक्ष): उत्तर प्रदेश में सपा संगठन की कमान संभाल रहे श्यामलाल पाल को प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और जमीनी समीकरणों की जानकारी है। पाल समाज से आने के कारण उन्हें पार्टी के PDA समीकरण के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजीव राय (सांसद, घोसी): पूर्वांचल का प्रतिनिधित्व करने वाले राजीव राय पार्टी के मुखर नेताओं और रणनीतिकारों में शामिल हैं। भूमिहार समाज से आने के कारण उन्हें अगड़ी जातियों के बीच पार्टी का प्रतिनिधित्व करने वाला चेहरा माना जाता है।
इकरा हसन (सांसद, कैराना): पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाली इकरा हसन युवा और महिला सांसद हैं। वे अल्पसंख्यक समुदाय का भी प्रतिनिधित्व करती हैं। पश्चिमी यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कांग्रेस ने सपा को सौंपी थीं 181 संभावित सीटों की सूची
सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत में कांग्रेस की ओर से 181 संभावित सीटों की सूची सपा को सौंपी गई थी। इस सूची को लेकर सपा के कुछ नेताओं ने नाराजगी जताई थी।
17 नवंबर को प्रस्तावित बैठक टली थी
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस की बैठक 17 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित थी, लेकिन इसे टाल दिया गया था।
बैठक से एक दिन पहले दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच अनौपचारिक बातचीत हुई थी। इस दौरान सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ सीट शेयरिंग के शुरुआती ड्राफ्ट और जीतने की संभावना वाली सीटों पर चर्चा हुई थी।
कांग्रेस ने मांगा था 2 से 3 दिन का समय
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के मुताबिक, शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों के आधार पर सीट शेयरिंग के ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस को 2 से 3 दिन का समय चाहिए था। पार्टी को सीटों पर पूरी तैयारी और होमवर्क करना था। इसी वजह से 17 नवंबर की बैठक आगे बढ़ाई गई थी।
अब सपा ने अपनी चार सदस्यीय कमेटी बनाकर बातचीत को आगे बढ़ाने की तैयारी कर ली है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अगली बातचीत पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।