उत्तरप्रदेश में लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से कई इलाकों में हालात गंभीर होते जा रहे हैं। गंगा और यमुना समेत प्रदेश की 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैंफर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। बाढ़ के बढ़ते दबाव के बीच पिछले दो दिनों में 6 पक्के मकान नदी में समा गए हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
बलिया में बाढ़ के पानी में डूबी कार और बाइक
बलिया में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ के पानी में कार और बाइक डूब गईं।नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आसपास रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं और निचले इलाकों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
उन्नाव की गलियों में चल रही नाव
उन्नाव में पांडू नदी का पानी बस्तियों के अंदर तक पहुंच गया है। कई रिहाइशी इलाकों में जलभराव इतना बढ़ गया कि गलियों में नाव चलाने की नौबत आ गई।बाढ़ के पानी ने लोगों के सामान्य आवागमन को प्रभावित कर दिया है और स्थानीय लोग पानी के बीच रहने को मजबूर हैं।
गोंडा की कॉलोनी में पहुंचा मगरमच्छ
गोंडा में घाघरा नदी के बाढ़ के पानी के साथ एक मगरमच्छ रिहाइशी इलाके तक पहुंच गया। मगरमच्छ को आबादी के बीच देखकर स्थानीय लोगों में डर फैल गया।ग्रामीणों के मुताबिक, खतरे की आशंका के चलते लोग घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं।
लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज में बारिश
मंगलवार तड़के लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज समेत 10 शहरों में हल्की बारिश हुई। बारिश के चलते कई इलाकों में मौसम सुहावना हुआ, लेकिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में परेशानी और बढ़ने की आशंका है।मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है।
49 जिलों में बारिश का अलर्ट
IMD ने आज उत्तर प्रदेश के 49 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन को भी सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर उन इलाकों में जहां नदियों का जलस्तर पहले से बढ़ा हुआ है।लखीमपुर और बरेली में बारिश और खराब मौसम को देखते हुए कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
बारिश से होमगार्ड भर्ती की PET भी टली
लगातार बारिश का असर भर्ती प्रक्रिया पर भी पड़ा है। यूपी होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी PET की तारीख बदल दी गई है।यह परीक्षा पहले 8 सितंबर से शुरू होनी थी, लेकिन अब इसे बदलकर 14 सितंबर से शुरू किया जाएगा।