लखनऊ।उत्तरप्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने होमगार्ड भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रदेश के 75 जिलों में खाली पड़े कुल 41,424 होमगार्ड पदों पर अंतिम चयन किया गया है। बोर्ड ने जिलेवार चयन सूची जारी कर दी है, जिसे सफल उम्मीदवार वेबसाइट पर देख सकते हैं।इस भर्ती के लिए प्रदेशभर से 25,32,106 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था।
41,424 उम्मीदवारों का अंतिम चयन
UPPRPB के जारी फाइनल रिजल्ट के अनुसार कुल 41,424 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। इनमें अलग-अलग वर्गों के उम्मीदवार शामिल हैं।चयनित उम्मीदवारों में 8,502 उम्मीदवार जनरल और ईडब्ल्यूएस वर्ग से हैं। इनमें ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 6,950 उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं 21,580 ओबीसी, 10,932 एससी और 410 एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।चयनित उम्मीदवारों में 8,290 महिलाएं भी शामिल हैं। बोर्ड ने सभी जिलों में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर अंतिम चयन के साथ उम्मीदवारों को जिला आवंटित किया है।
25 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
होमगार्ड भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 नवंबर 2025 से शुरू हुई थी। बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होने के बाद भर्ती परीक्षा आयोजित की गई।लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को प्रदेश के 74 जिलों में छह पालियों में आयोजित हुई थी। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गईं और 25 जून 2026 को अंतिम आंसर की जारी की गई।लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर 1,07,221 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट यानी DV-PST के लिए बुलाया गया।
DV-PST में 94 हजार से ज्यादा उम्मीदवार सफल
DV-PST की प्रक्रिया 13 जुलाई से 7 अगस्त 2026 के बीच पूरी की गई। इस चरण के बाद 94,159 उम्मीदवार अगले चरण के लिए सफल घोषित किए गए।इसके बाद चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी PET आयोजित की गई।
PET में 79,186 अभ्यर्थी हुए सफल
होमगार्ड भर्ती की PET का आयोजन 15 सितंबर से 26 सितंबर 2026 के बीच किया गया। इस चरण में कुल 79,186 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया।अब इसी प्रक्रिया के आधार पर 41,424 रिक्त पदों के लिए अंतिम चयन सूची जारी की गई है।
फाइनल रिजल्ट के बाद मेडिकल और पुलिस वेरिफिकेशन
फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद चयनित उम्मीदवारों को अभी आगे की प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण और पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा।इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद प्रशिक्षण शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बोर्ड ने उम्मीदवारों के लिए जिला-वार चयन सूची वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है।
उम्मीदवार अपना स्कोर भी देख सकेंगे
लिखित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपने सामान्यीकृत अंक और कुल प्राप्तांक भी देख सकेंगे। इसमें प्राथमिक योग्यताओं के लिए दिए गए अतिरिक्त अंक भी शामिल होंगे।उम्मीदवारों के व्यक्तिगत स्कोर अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उपलब्ध कराए जा सकते हैं।