लखनऊ: उत्तरप्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने रविवार देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस प्रशासनिक बदलाव में कई जिलों के उप जिलाधिकारियों (SDM) सहित विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, अलीगढ़ और वाराणसी समेत कई स्थानों पर अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है।
55 PCS अधिकारियों के तबादले से प्रशासनिक महकमे में हलचल
राज्य सरकार की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक, 55 PCS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें कई अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को विकास प्राधिकरणों और अन्य विभागों में तैनात किया गया है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बदली अधिकारियों की जिम्मेदारी
तबादला सूची के अनुसार, मेरठ विकास प्राधिकरण में सचिव रहे बृजेश कुमार सिंह को विशेष कार्याधिकारी (OSD), नोएडा बनाया गया है।वहीं नोएडा में विशेष कार्याधिकारी के पद पर तैनात क्रांति शेखर सिंह को विशेष कार्याधिकारी, दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (नोएडा) और बुलंदशहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।ग्रेटर नोएडा में विशेष कार्याधिकारी रहे अजय कुमार शर्मा को अलीगढ़ का उप जिलाधिकारी (SDM) नियुक्त किया गया है।


