लखनऊ: उत्तरप्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) के चलते 30 अक्टूबर को प्रदेश के 60 जिलों में कक्षा 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। उत्तरप्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के अध्यक्ष ने इसकी पुष्टि की है। शासन की ओर से संबंधित जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, इस दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों को स्कूल आना होगा।
PET परीक्षा के चलते स्कूलों में छुट्टी
आयोग अध्यक्ष के मुताबिक, शुक्रवार, 30 अक्टूबर को प्रदेश के 60 जिलों में PET-2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए करीब 35 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या और संभावित भीड़ को देखते हुए स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।यह आदेश कक्षा 12वीं तक के स्कूलों पर लागू होगा। हालांकि, स्कूलों के शिक्षक और अन्य कर्मचारियों को छुट्टी नहीं दी गई है। उन्हें निर्धारित निर्देशों के अनुसार उपस्थित रहना होगा।
लखनऊ समेत कई जिलों में आदेश जारी
लखनऊ, प्रयागराज और अलीगढ़ समेत कई जिलों में DIOS की ओर से स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। लखनऊ के DIOS के अनुसार, PET-2026 परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर के अलावा 1 नवंबर को भी आयोजित की जा रही है।25 अक्टूबर को परीक्षा दो पालियों में संपन्न हो चुकी है। अब 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को भी दो-दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में करीब 20 से 25 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है। उनके साथ अभिभावकों के आने से भी शहरों में भीड़ बढ़ सकती है।
पहले दिन 69.63% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
उत्तर प्रदेश में PET-2026 परीक्षा का पहला दिन 25 अक्टूबर को था। इस दौरान प्रदेश के 60 जिलों में 1,372 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पहले दिन 11.80 लाख अभ्यर्थियों में से करीब 8.21 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
आंकड़ों के मुताबिक, पहले दिन कुल 69.63 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। अब 30 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से व्यवस्थाएं की जा रही हैं।