आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी AAP ने उत्तराखंड में अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव ने चुनावी रणनीति और प्राथमिकताओं को लेकर बड़ा बयान देते हुए स्पष्ट किया है कि AAP राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने पर फोकस
महेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर लोगों के मुद्दों को लेकर लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी का मुख्य फोकस प्रदेश में बुनियादी विकास शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना रहेगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान में शिक्षा और रोजगार की स्थिति संतोषजनक नहीं है जिसे सुधारने की आवश्यकता है। AAP का लक्ष्य इन क्षेत्रों में ठोस बदलाव लाना है।
मॉडल के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध
प्रदेश प्रभारी ने यह भी कहा कि पार्टी दिल्ली और पंजाब में लागू अपने विकास मॉडल को उत्तराखंड में भी लागू करने की दिशा में काम करेगी। उनका दावा है कि इसी मॉडल के आधार पर राज्य में बेहतर शिक्षा स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
महेंद्र यादव ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी जनता के बीच अपने विकास एजेंडे के साथ मजबूती से उतरेगी और राज्य में एक विकल्प के रूप में उभरकर सामने आएगी।