अफ्रीकी देशों डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो DRC और युगांडा में इबोला वायरस संक्रमण के मामलों को देखते हुए हरिद्वार स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने जनपद के सभी चिकित्सा अधिकारियों अस्पतालों सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
वायरस रोग को लेकर एडवाइजरी
सीएमओ कार्यालय रोशनाबाद से जारी पत्र के अनुसार भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र NCDC द्वारा इबोला वायरस रोग को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत विदेश यात्रा से लौटने वाले व्यक्तियों विशेषकर प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की निगरानी करने तथा किसी भी संदिग्ध लक्षण की सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों में निगरानी व्यवस्था मजबूत
सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि फिलहाल जनपद में इबोला का कोई मामला नहीं है लेकिन एहतियात के तौर पर सभी स्वास्थ्य इकाइयों को सतर्क कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल का पालन करने और किसी भी संदिग्ध मरीज की सूचना तत्काल आईडीएसपी को देने के निर्देश दिए गए हैं।
इबोला वायरस को लेकर शासन और केंद्र सरकार की एडवाइजरी के अनुसार सभी स्वास्थ्य इकाइयों को अलर्ट किया गया है। वर्तमान में घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है लेकिन सतर्कता और निगरानी बेहद जरूरी है।