केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा ने अपने चंपावत जिले के लोहाघाट दौरे के दौरान बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में एक बार फिर उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने जा रही है और इस बार पार्टी को जनता के सहयोग से प्रचंड बहुमत मिलेगा।
उत्तराखंड में तेजी से ऐतिहासिक विकास कार्य
मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में तेजी से ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं जिनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण जनता का विश्वास लगातार सरकार के प्रति बढ़ा है जिसका सीधा लाभ भाजपा को आगामी चुनावों में मिलेगा।
भाजपा मजबूत स्थिति में करेगी वापसी
उन्होंने यह भी दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर मजबूत स्थिति में वापसी करेगी और पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर उत्तराखंड की कमान संभालेंगे। अजय टम्टा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान समय में विपक्ष किसी भी स्तर पर मुकाबले में नहीं है और जनता का भरोसा पूरी तरह भाजपा के साथ है।
मंत्री के इस बयान के बाद क्षेत्रीय राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है और इसे आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।