चमोली जिले के देवाल विकासखंड के दूरस्थ एरेठा गांव में सड़क सुविधा के अभाव की समस्या एक बार फिर सामने आई है। प्रसव पीड़ा होने पर एक गर्भवती महिला को ग्रामीणों ने डंडी-कंडी के सहारे कई किलोमीटर पैदल चलाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में महिला ने एक स्वस्थ नवजात को जन्म दिया। राहत की बात यह रही कि जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
सड़क संपर्क न होने से चुनौती
जानकारी के अनुसार एरेठा गांव निवासी 34 वर्षीय गम्मोती देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। गांव तक सड़क संपर्क न होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों के सामने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की चुनौती खड़ी हो गई। ऐसे में ग्रामीणों ने तत्काल डंडी-कंडी की व्यवस्था की और गम्मोती देवी को कंधों पर उठाकर कई किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
मुख्य सड़क तक पहुंचने के बाद वाहन की सहायता से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल ले जाया गया जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने एक स्वस्थ नवजात को जन्म दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मां और शिशु दोनों स्वस्थ हैं।

2021 में करीब 8 किलोमीटर मोटर मार्ग स्वीकृत
इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुविधा के अभाव की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार टम्टा ने बताया कि एरेठा गांव को सड़क से जोड़ने के लिए वर्ष 2021 में करीब 8 किलोमीटर मोटर मार्ग स्वीकृत किया गया था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि सड़क बनने से गांव की वर्षों पुरानी परेशानी दूर हो जाएगी लेकिन भूमि विवाद और विभागीय प्रक्रियाओं के चलते सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
आवश्यक सेवाओं के लिए भारी कठिनाई
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क न होने के कारण गांव के लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचाना बेहद मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से एरेठा गांव के लिए स्वीकृत मोटर मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी भी व्यक्ति को इलाज या प्रसव जैसी आपात स्थिति में इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। यह घटना पहाड़ के दूरस्थ गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और सड़क संपर्क की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है।