बद्रीनाथ से हरिद्वार जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस सुबह लगभग 9 बजे बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई। यह घटना बद्रीनाथ से करीब 20 किलोमीटर आगे बिनाकुली गांव के पास उस समय हुई जब अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए।
झारखंड के श्रद्धालु सवार
जानकारी के अनुसार बस में झारखंड के श्रद्धालु सवार थे जो पिछले एक सप्ताह से बद्रीनाथ में रहकर श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए थे और दर्शन करने के बाद हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। हरिद्वार से उन्हें आगे ट्रेन के माध्यम से अपने गृह राज्य लौटना था।
जैसे ही बस के ब्रेक फेल हुए चालक ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया लेकिन जोखिम बढ़ता देख तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही माना चौकी से 23वीं वाहिनी ITBP के डिप्टी कमांडेंट महावीर सिंह नेगी और निरीक्षक ज्ञान प्रकाश के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची।

ITBP के जवानों ने यात्रियों की बचाई जान
ITBP के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से बस से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।