बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति बीकेटीसी से जुड़े चढ़ावे और कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में नया मोड़ सामने आया है। बीकेटीसी की शिकायत पर बदरीनाथ थाने में अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक PA प्रमोद नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विभागीय जांच और निलंबन की कार्रवाई के बाद अब मामला पुलिस जांच के दायरे में भी पहुंच गया है।
युद्धवीर पुष्पवान ने दी लिखित तहरीर
बीकेटीसी के मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की ओर से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर थाना बदरीनाथ में FIR संख्या 0006 दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता BNS 2023 की धारा 306 और 316 5 के तहत मामले में कार्रवाई शुरू की है।
जानकारी के अनुसार 2 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से बदरीनाथ मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितता से जुड़ी सूचना सामने आने के बाद बीकेटीसी ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था। समिति द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में संबंधित कार्मिक प्रमोद नौटियाल पर प्रथम दृष्टया मंदिर की धनराशि को कथित रूप से अनधिकृत तरीके से उठाए जाने का उल्लेख किया गया है।
जांच के आधार पर निलंबन
जांच रिपोर्ट के अनुसार यह मामला सुबह करीब 9 बजे से 9:30 बजे के बीच की अवधि से जुड़ा बताया गया है। बीकेटीसी की ओर से की गई प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए 7 जुलाई को उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।
बीकेटीसी ने निलंबन आदेश में आशंका जताई थी कि पद पर बने रहने की स्थिति में निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है। इसके बाद मंदिर समिति की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई जिसके आधार पर अब आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बीकेटीसी ने की कार्रवाई
बीकेटीसी की ओर से की गई कार्रवाई के बाद यह मामला अब केवल विभागीय जांच तक सीमित नहीं रहा है बल्कि पुलिस जांच के दायरे में आ गया है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच करेगी।