बाजपुर : उधम सिंह नगर जनपद के बाजपुर क्षेत्र स्थित ग्राम हरलालपुर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एक घर के आंगन में गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार का कोई सदस्य आंगन में मौजूद नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बिजली आपूर्ति की नियंत्रित
जानकारी के अनुसार हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट आने के बाद अचानक तार टूटकर एक मकान के आंगन में गिर गया। तार गिरते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बच्चों और अन्य लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया तथा बिजली विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि यही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के ऊपर से भी गुजर रही है। उनका आरोप है कि लाइन विद्यालय के ऊपर महज करीब 12 फीट की ऊंचाई पर है जिससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी कई छात्र करंट की चपेट में आ चुके हैं। तार गिरने की घटना के बाद एहतियात के तौर पर विद्यालय में छुट्टी करनी पड़ी जिससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई।
हाईटेंशन को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि वे लंबे समय से बिजली विभाग से हाईटेंशन लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते लाइन को नहीं हटाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि हाईटेंशन लाइन को जल्द से जल्द विद्यालय और रिहायशी क्षेत्र से हटाकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।