बाजपुर के बन्नाखेड़ा चौकी क्षेत्र में खैर की लकड़ी की कथित तस्करी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि तस्करों ने युवक को घेरकर उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी जिसमें एक गोली उसकी टांग में जा लगी। घायल युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस पर पहले की शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।
आरोपी ने दी धमकी
घटना ग्राम गोबरा स्थित दाबका नदी क्षेत्र की है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक कुछ लोग लंबे समय से उनके निजी रास्ते का इस्तेमाल कर खैर की लकड़ी की कथित तस्करी करते हैं। इसका कई बार विरोध किया गया और पुलिस को शिकायत भी दी गई लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
रविवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने मनदीप सिंह को घेर लिया और उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली उसकी टांग में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
युवक हायर सेंटर रेफर
सूचना मिलते ही बन्नाखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। घायल युवक को पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार ने संदीप उर्फ पम्मू रमेश सिंह अंग्रेज सिंह मोंटी बंटी पवन सतनाम सिंह छिंदर सहित कुल 17 लोगों पर हमला और फायरिंग का आरोप लगाया है। साथ ही परिवार का कहना है कि यदि पुलिस पहले दी गई शिकायतों पर कार्रवाई करती तो यह घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।