बाजपुर : स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर में विषय बढ़ोतरी की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। वर्षों से नई विषयों की मांग पूरी न होने से नाराज छात्र भूख हड़ताल पर बैठ गए। छात्रों ने सरकार और उच्च शिक्षा विभाग पर उनकी मांगों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया। खास बात यह रही कि भारतीय जनता पार्टी के छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़े छात्र भी सरकार की नीतियों के विरोध में भूख हड़ताल में शामिल दिखाई दिए।
उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख
छात्रों का कहना है कि स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर में कई वर्षों से नए विषय शुरू करने की मांग की जा रही है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विषयों की कमी के कारण क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है जिससे आर्थिक और शैक्षणिक दोनों तरह की परेशानियां होती हैं।
आंदोलन के दौरान छात्रों ने प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पर भी सवाल उठाए और कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं किया गया। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
एबीवीपी के छात्रों के बीच चर्चा का विषय
भूख हड़ताल में एबीवीपी के छात्रों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। छात्रों का कहना है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा के अधिकार की लड़ाई है। फिलहाल छात्रों की भूख हड़ताल जारी है। अब देखना होगा कि सरकार और उच्च शिक्षा विभाग छात्रों की वर्षों पुरानी मांग पर कब तक निर्णय लेते हैं या आंदोलन और तेज होता है।