नेशनल हाईवे-74 को जोड़ने वाली मलेरिया रोड की बदहाल स्थिति ने क्षेत्र में विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह सड़क हजारों लोगों की रोजाना आवाजाही का प्रमुख मार्ग है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण अब इसकी हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलभराव से लोगों को दिक्कतें
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं की गई है। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। जगह-जगह जलभराव और कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं भारी वाहनों की आवाजाही भी जोखिम भरी हो गई है। लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़क की समस्या से अवगत कराया लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि जब सरकार बेहतर सड़क सुविधाएं देने के दावे कर रही है ऐसे में क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की अनदेखी क्यों की जा रही है।
विधायक अरविंद पांडे का क्षेत्र बाजपुर
मलेरिया रोड बाजपुर विधानसभा क्षेत्र में आती है जो विधायक अरविंद पांडे का क्षेत्र है। स्थानीय लोग अब जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत की मांग कर रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
मौजूदा समय में मलेरिया रोड की तस्वीरें सड़क व्यवस्था की जमीनी हकीकत बयां कर रही हैं। जगह-जगह बने गड्ढे और खराब सड़क से गुजरना लोगों की मजबूरी बन गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।