जनपद उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्र भटवाड़ी मुख्यालय में विकास संघर्ष समिति के बैनर तले पिछले 13 दिनों से जारी शांतिपूर्ण धरने पर पहुंचे गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने आंदोलनरत क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान समिति ने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे विधायक के समक्ष प्रमुखता से रखे।
गंगोत्री तक ऑल वेदर सड़क का निर्माण
समिति की ओर से उत्तरकाशी के बडेथी से गंगोत्री तक ऑल वेदर सड़क के निर्माण केंद्रीय विद्यालय की स्थापना विकासखंड एवं तहसील स्तर के सभी कार्यालयों का भटवाड़ी में नियमित संचालन तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।
मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विधायक सुरेश चौहान ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी और उपजिलाधिकारी भटवाड़ी को निर्देश दिए कि भटवाड़ी और डुंडा दोनों विकासखंडों में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित रूप से बैठें। इस पर जिलाधिकारी ने एक-दो दिनों के भीतर अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए रोस्टर तैयार करने का भरोसा दिया।
विधायक ने की बैठक
बैठक के दौरान विधायक ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से संबंधित सभी मानकों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी ली और विभागीय स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सीमा सड़क संगठन BRO द्वारा बडेथी से भैरोंघाटी तक प्रस्तावित ऑल वेदर सड़क निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण में तेखला तक निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है जबकि शेष मार्ग पर चरणबद्ध तरीके से कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
विधायक ने केंद्रीय विद्यालय के लिए अस्थायी भवन निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग PWD के अधिकारियों को तत्काल स्टिमेट तैयार करने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों ने शीघ्र स्टिमेट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया।
जनभावनाओं के लिए करेंगे प्रयास
धरना स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि क्षेत्र की जनभावनाओं और न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए वह पूरी गंभीरता से प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्रीय विद्यालय ऑल वेदर सड़क और अन्य विकास संबंधी मुद्दों को शिक्षा मंत्री मुख्यमंत्री सांसद तथा भारत सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।
विधायक के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने उम्मीद जताई कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों पर अब सकारात्मक कार्रवाई होगी और भटवाड़ी क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।