उत्तराखंड भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी ने पिछले चुनाव में हारी हुई 23 सीटों पर विशेष फोकस करने का निर्णय लिया है ताकि आगामी चुनाव में इन सीटों पर शत-प्रतिशत जीत सुनिश्चित की जा सके।
2022 में संख्या घटी
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को कुल 57 सीटें मिली थीं जबकि 2022 में यह संख्या घटकर 47 रह गई यानी पिछली बार भाजपा 23 सीटें हारी थी। उन्होंने कहा कि इन 23 विधानसभा क्षेत्रों पर केंद्रित रणनीति के तहत पार्टी को हर हाल में जीत हासिल करनी है। इस उद्देश्य के लिए पार्टी ने कोर ग्रुप का गठन किया है। कोर ग्रुप के प्रत्येक सदस्य को एक-एक विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसका उद्देश्य यह है कि हर सदस्य अपने क्षेत्र में चुनावी कार्ययोजना को धरातल पर लागू करे और वहां पार्टी की जीत सुनिश्चित करे।

कार्यकर्ता जनता से बढ़ाएंगे संपर्क
कुंदन परिहार ने आगे कहा कि इस रणनीति के तहत पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी स्थानीय जनता से संपर्क बढ़ाएंगे उनके मुद्दों को समझेंगे और उन्हें समाधान देने की दिशा में कदम उठाएंगे। यह रणनीति पार्टी की संगठनात्मक ताकत और क्षेत्रीय फोकस दोनों को मजबूत करेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि भाजपा का यह कदम 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की स्थिति मजबूत करने और हारी हुई सीटों पर वापसी का संकेत देता है। आगामी महीनों में पार्टी द्वारा इन विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम और स्थानीय स्तर पर अभियान इस रणनीति का प्रमुख हिस्सा होंगे। इस योजना के तहत विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने और पार्टी की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।