भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का पहली बार उत्तराखंड दौरा होने जा रहा है जिसे लेकर पार्टी संगठन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक सभी उनके स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं। भाजपा मुख्यालय को भी उनके आगमन के लिए विशेष रूप से सजाया जा रहा है जिसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
नितिन नबीन का दौरा संगठनात्मक दृष्टि से अहम
इस दौरे को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से काफी अहम रहेगा और इससे पार्टी को आगामी चुनावी रणनीति को और मजबूती देने में मदद मिलेगी।
विभिन्न बैठकों में होंगे शामिल
कार्यक्रम के तहत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ सहभोज करेंगे और उनसे सीधे संवाद स्थापित करेंगे। इसके साथ ही वे संगठन की विभिन्न बैठकों में भी शामिल होंगे। इस दौरान वे नगर निगम और नगर पालिका स्तर के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे और संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे।
बताया जा रहा है कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि उत्तराखंड में भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कितनी तैयार है और संगठन किस स्तर पर मजबूत स्थिति में है। पार्टी नेतृत्व इस दौरे को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम मान रहा है।