चमोली : जनपद चमोली की नीति घाटी में सोमवार शाम हुई भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। नाले में पानी का प्रवाह इतना तेज था कि ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में बना वैली ब्रिज पानी के तेज बहाव में क्षतिग्रस्त होकर बह गया। वैली ब्रिज के बहने से नीति घाटी में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार तमक नाले में अत्यधिक पानी के बहाव के कारण 123 बीआरटीएफ सुराईथोटा द्वारा निर्मित वैली ब्रिज क्षतिग्रस्त होकर बह गया। घटना के दौरान एक व्यक्ति और एक वाहन के बहने की सूचना भी सामने आई है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और स्थानीय प्रशासन के साथ एसडीआरएफ तथा एनडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मलारी की ओर वाहनों की आवाजाही रोकी
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही हैं। साथ ही संभावित परिस्थितियों को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन और बचाव दलों की प्राथमिकता प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्थिति को नियंत्रित करना है। भारी बारिश के चलते क्षेत्र में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से खतरा बना हुआ है।
अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका
तमक नाले में अचानक बढ़े जल प्रवाह के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। लोगों से नदी और बरसाती नालों के आसपास न जाने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।
खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें। विशेषकर नदी-नालों और संवेदनशील मार्गों पर आवाजाही करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रभावित क्षेत्र में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।
भारी बारिश के कारण नीति घाटी में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन की ओर से स्थिति सामान्य होने तक लोगों से सहयोग और सावधानी बरतने की अपील की गई है।