टनकपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत आदर्श चम्पावत–विकसित चम्पावत की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा तहसील पूर्णागिरि टनकपुर में आयोजित बैठक में की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार ने की।
रणकोची मंदिर के पर्यटन विकास की बैठक
बैठक में जिलाधिकारी ने शारदा नदी घाट पुनर्विकास परियोजना सिटी ड्रेनेज प्लान इकोलॉजिकल कॉरिडोर रोपवे परियोजना रणकोची मंदिर के पर्यटन विकास एवं जीर्णोद्धार बाढ़ सुरक्षा सड़क तथा विद्युत से जुड़ी परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूरे किए जाएं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रत्येक विकास परियोजना का लाभ सीधे आमजन तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों को गति दें।
शारदा घाट पुनर्विकास पर विशेष जोर
शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना क्षेत्र में अतिक्रमण से प्रभावित परिवारों के संबंध में सामाजिक प्रभाव आकलन Social Impact Assessment तथा पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन R&R योजना की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए समुचित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और स्थानीय लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो तथा परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके।
गुणवत्ता पर दिया जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग विभागीय समन्वय और तय समयसीमा के अनुसार कार्य पूर्ण करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं परियोजनाओं से जुड़े कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी विभागों ने अपनी-अपनी परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।