शासकीय कार्यालयों में कार्य संस्कृति सुधारने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने सिंचाई विभाग चम्पावत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कई अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया।
जिलाधिकारी ने पंजिका का किया अवलोकन
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया जिसमें अधिशासी अभियंता सहित कुल छह अधिकारी एवं कर्मचारी ड्यूटी समय पर कार्यालय में अनुपस्थित मिले।अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों में अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूठा अपर सहायक अभियंता टिंकू सिंह प्रशासनिक अधिकारी पंकज रावत हरेन्द्र सिंह नेगी कनिष्ठ अभियंता तनुजा तथा अनुसेवक पुष्कर दत्त शामिल हैं। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता के स्वयं समय पर कार्यालय न पहुँचने को गंभीर लापरवाही मानते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए। साथ ही अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि वे स्वयं स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें तथा उनके माध्यम से सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया जाए।
अनुशासन जवाबदेही प्रशासन की प्राथमिकता
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में प्राप्त स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि सहित विभागीय कार्यवाही के लिए उच्च स्तर पर संस्तुति भेजी जाएगी। उन्होंने कहा शासकीय कार्यालयों में अनुशासन जवाबदेही और कार्य के प्रति गंभीरता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।