मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन अंतिम छोर तक प्रशासन पहुँचाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने विकासखंड चम्पावत की दूरस्थ ग्राम सभा खटोली में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी का आभार व्यक्त
जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित दुर्गम ग्राम सभा खटोली में पहुँचने वाले जिलाधिकारी मनीष कुमार चम्पावत के पहले जिलाधिकारी बने। चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएँ सुनीं। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। चौपाल में ग्राम सभा पचनई तल्ली खटोली मल्ली खटोली वैला सहित आसपास के कई गांवों से पहुँचे ग्रामीणों ने बिजली पानी सड़क आवास शौचालय सिंचाई नेटवर्क शिक्षा स्वास्थ्य तथा पेंशन से संबंधित समस्याएँ जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
विद्युत बाधित होने की शिकायत का संज्ञान
ग्रामीणों द्वारा चल्थी क्षेत्र से गांव को आने वाली विद्युत लाइनों की खराब स्थिति तथा बार-बार विद्युत बाधित होने की शिकायत किए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक लाइन परिवर्तन एवं मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। सरस्वती इंटर कॉलेज आनंदपुरी खटोली में विज्ञान प्रयोगशाला के लिए अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता की मांग पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने शौचालय गौशाला एवं प्रधानमंत्री आवास से संबंधित समस्याएँ रखीं। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी एवं परियोजना प्रबंधक स्वजल को पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कर तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दीवानी मोड़ में हैंडपंप लगाने की मांग
सोनिया देवी द्वारा गांव के दीवानी मोड़ क्षेत्र में हैंडपंप लगाने की मांग पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर हैंडपंप स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गांव में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा। ग्रामीणों ने जी-राम-जी योजना के अंतर्गत नेटवर्क शैडो क्षेत्र होने के कारण मास्टर रोल में आने वाली दिक्कतों की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को आवश्यक छूट प्राप्त कर समस्या के समाधान की कार्यवाही करने के निर्देश दिए ताकि पात्र ग्रामीण योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें।
कुंदन बुराड़ी की पत्नी की गुहार
चौपाल में 14 वर्ष पूर्व लापता हुए कुंदन बुराड़ी की पत्नी ने अपने बच्चों के भरण-पोषण शिक्षा एवं पति की तलाश के संबंध में सहायता की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी चम्पावत को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही करने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मल्ली खटोली निवासी बचपन से दिव्यांग सुमन की स्वास्थ्य स्थिति का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को समुचित उपचार एवं आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चनी देवी के परिवार रजिस्टर न बनने के कारण निराश्रित/परित्यक्ता पेंशन बंद होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को तत्काल परिवार रजिस्टर तैयार कर पात्रता के अनुसार पेंशन संचालित कराने के निर्देश दिए।
विकास योजनाओं का लाभ सर्वोच्च प्राथमिकता
इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने गांव में पेयजल तारबाड़ सिंचाई गूल सोलर लाइट मोबाइल नेटवर्क संपर्क मार्ग एवं अन्य आधारभूत समस्याओं को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि दूरस्थ गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्यालयों तक सीमित रहना नहीं बल्कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचकर उसकी समस्या का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। वहीं पहली बार अपने बीच जिलाधिकारी को प्रकार ग्रामीण काफी खुश नजर आए तथा समस्याओं के समाधान के लिए डीएम को धन्यवाद दिया।