मां पूर्णागिरि धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चंपावत पुलिस पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में अचानक हुई तेज बारिश के दौरान पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
पानी का बहाव बढ़ा
जानकारी के अनुसार मां पूर्णागिरि धाम में दर्शन कर वापस लौट रहे सैकड़ों श्रद्धालु बाटला गाड़ क्षेत्र में जलस्तर बढ़ जाने के कारण बीच मार्ग में फंस गए। तेज बारिश के चलते अचानक पानी का बहाव बढ़ गया जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो गई और कई लोग सुरक्षित रास्ता पार नहीं कर सके।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी ठुलीगाड़ और चौकी बूम की पुलिस टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। पुलिस कर्मियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ श्रद्धालुओं को जल बहाव वाले क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकाला तथा उनकी सकुशल आवाजाही सुनिश्चित की।
श्रद्धालु सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी श्रद्धालु के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
इस दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने चंपावत पुलिस की तत्परता संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना की सराहना की। लोगों ने कहा कि पुलिस के समय पर पहुंचने और सक्रिय कार्रवाई करने से संभावित दुर्घटना टल गई। श्रद्धालुओं ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की।
एसपी चंपावत रेखा यादव के निर्देशन में पुलिस लगातार पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बनाए हुए है। मानसून और बारिश के मौसम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।