कथित गाली-गलौज और दलित समाज पर अभद्र टिप्पणी वाले वायरल ऑडियो को लेकर विवादों में घिरे पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने सार्वजनिक रूप से दलित समाज से माफी मांग ली है। कई दिनों से जारी विरोध और नाराजगी के बीच उन्होंने शांतरशाह में आयोजित दलित समाज की बैठक में मंच से खेद व्यक्त करते हुए विवाद समाप्त करने की अपील की।
कथित टिप्पणी के लिए क्षमा प्रार्थी
बैठक में बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कहा कि यदि उनकी किसी बात या कथित टिप्पणी से समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने और विवाद को समाप्त करने की अपील भी की।
इस बैठक में उत्तराखंड सरकार के दर्जाधारी मंत्री देसराज कर्णवाल भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द और आपसी संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
दलित समाज में व्यापक आक्रोश
गौरतलब है कि कथित वायरल ऑडियो सामने आने के बाद दलित समाज में व्यापक आक्रोश देखने को मिला था। मामले को लेकर कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन और बैठकों का दौर चलता रहा। इससे पहले संत रविदास घाट पर आयोजित एक पंचायत में दलित समाज के लोगों ने चैंपियन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई थी।
अब चैंपियन की सार्वजनिक माफी के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दलित समाज और संबंधित पक्ष इस पर क्या रुख अपनाते हैं और विवाद आगे किस दिशा में बढ़ता है।