उत्तराखंड में चारधाम और हेमकुण्ड साहिब यात्रा को लेकर उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रा शुरू हुए एक महीने से अधिक का समय हो चुका है और अब तक 23 लाख 65 हजार से अधिक श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं।
भीड़ की लगातार मॉनिटरिंग
यात्रा मार्गों और धामों पर उमड़ रही भीड़ की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। खास तौर पर केदारनाथ धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए कुमाऊं परिक्षेत्र से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पैरामिलिट्री फोर्स एसडीआरएफ प्रांतीय रक्षक दल और स्थानीय पुलिस के जवान 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं।
अधिकारी ग्राउंड जीरो पर लगे
भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर अतिरिक्त अधिकारियों को भी ग्राउंड जीरो पर लगाया गया है। जैसे-जैसे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है पुलिस अपनी व्यवस्थाओं को और अधिक सख्त और संवेदनशील बना रही है।
उत्तराखंड पुलिस ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और मंगलमय हो सके।