मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड UTDB का कमांड एंड कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रूप से निगरानी कर रहा है। गढ़ीकैंट स्थित यह अत्याधुनिक सेंटर चारों धामों केदारनाथ बद्रीनाथ गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ-साथ हेमकुंड साहिब की भी रियल टाइम मॉनिटरिंग कर रहा है और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
यात्रा मार्गों की अपडेट
कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान मौसम की सटीक जानकारी और यात्रा मार्गों की अपडेट लगातार उपलब्ध कराई जा रही है। इस केंद्र में 35 कर्मी चार शिफ्टों में कार्य कर रहे हैं ताकि 24 घंटे सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक चारधाम यात्रा 2026 के लिए 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है जबकि 36 लाख से ज्यादा यात्री दर्शन कर चुके हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से अब तक 45 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है। इनमें हेलीकॉप्टर सेवा से जुड़ी 4,469 शिकायतें यात्रा पंजीकरण से संबंधित 31,942 मामले वाहन पंजीकरण की 1,370 शिकायतें तथा अन्य 785 समस्याएं शामिल हैं।
सुरक्षित यात्रा के लिए पंजीकरण प्रणाली लागू
यात्रा को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए आधार आधारित पंजीकरण प्रणाली लागू की गई है जिससे फर्जी रजिस्ट्रेशन पर प्रभावी रोक लगी है। इसके साथ ही मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान को पंजीकृत यात्रियों के व्हाट्सएप पर नियमित रूप से भेजा जा रहा है ताकि वे यात्रा से पहले आवश्यक सावधानी बरत सकें। मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए कॉल सेंटर और कंट्रोल रूम की टीम यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। सरकार का उद्देश्य चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित व्यवस्थित और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है जिससे श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के सुगम दर्शन का लाभ मिल सके।