उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा इस समय अपने चरम पर पहुंच चुकी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार बदरीनाथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पहले अपना पंजीकरण अवश्य कराएं ताकि यात्रा सुगम और व्यवस्थित बनी रहे।
आनंद धर्मशाला ट्रस्ट का शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे जहां उन्होंने आनंद धर्मशाला ट्रस्ट का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार लगातार प्रदेश के विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड में विकास की नई इबारत लिखने का काम कर रही है और हर क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा को लेकर कहा कि इस समय यात्रा अपने चरम पर है और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने माना कि बढ़ती भीड़ एक चुनौती जरूर है लेकिन सरकार और प्रशासन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को किया मजबूत
सीएम धामी ने कहा कि यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे यात्रा पर आने से पहले ऑनलाइन या ऑफलाइन पंजीकरण जरूर कराएं ताकि यात्रा को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु सुरक्षित व्यवस्थित और सुगम तरीके से चारधाम यात्रा पूरी कर सके।