चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर दो दिनों तक चले विशेष रात्रिकालीन चेकिंग अभियान में बाहरी राज्यों से आने वाली बसों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान कई वाहनों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। परिवहन विभाग की टीम को कई बसों में सीटों से छेड़छाड़ हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट HSRP का अभाव इमरजेंसी गेट में खामियां प्रेशर हॉर्न का उपयोग तथा बिना वैध परमिट और टैक्स के संचालन जैसे नियम उल्लंघन मिले।
6 वाहन किए सीज
अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाली 45 बसों के चालान किए। इसके अलावा गंभीर खामियां पाए जाने पर 6 वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि 5 वाहनों की फिटनेस निरस्त कर दी गई। विभाग का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर
परिवहन विभाग की अधिकारी नेहा झा ने बताया कि जांच के दौरान कई चालक चप्पल पहनकर वाहन चलाते हुए पाए गए। सड़क सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ऐसे चालकों को वाहन चलाते समय जूते पहनने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी और पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग के लिए निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद आवश्यक है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अधिकारियों के अनुसार चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन का मानना है कि नियमित जांच और कड़ी कार्रवाई से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को भी कम किया जा सकेगा। चारधाम यात्रा मार्गों पर चलने वाले सभी वाहन संचालकों को सुरक्षा और परिवहन नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।