प्रदेश में चारधाम यात्रा पूरे उत्साह के साथ जारी है जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है।
इसी क्रम में आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने तीर्थ यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की पूरी जानकारी अवश्य लें और केवल विश्वसनीय मौसम ऐप का ही उपयोग करें।
भारी बारिश वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है वहां यात्रा करने से बचना चाहिए। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन पत्थर गिरने और सड़क अवरुद्ध होने जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं जिससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।

सुरक्षित ड्राइविंग और सावधानी जरूरी
सचिव ने कहा कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन हमेशा सुरक्षित गति से चलाए जाएं और बीच-बीच में पर्याप्त विश्राम लिया जाए। उन्होंने यात्रियों से यह भी अपील की कि वे यात्रा के दौरान प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हुए पूरी सावधानी और सतर्कता बनाए रखें।
जागरूकता से सुरक्षित यात्रा संभव
विनोद कुमार सुमन ने कहा कि सावधानी और जागरूकता के साथ की गई यात्रा न केवल सुरक्षित होती है बल्कि अधिक सुखद और सफल भी बनती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी तीर्थ यात्रियों के सहयोग और एहतियात से चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकता है।