चारधाम यात्रा के बीच वीकेंड और सोमवती अमावस्या के पावन स्नान पर्व के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। पिछले तीन दिनों से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और दिल्ली-हरिद्वार तथा बिजनौर हाईवे पर जाम जैसे हालात बने हुए हैं।
देशभर से आए श्रद्धालु
सोमवती अमावस्या के स्नान के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं जिससे गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में जनसैलाब दिखाई दे रहा है। श्रद्धालु निजी वाहनों से पहुंच रहे हैं जिसके चलते हाईवे पर लगातार वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और यातायात बेहद धीमी गति से चल रहा है।
हालात ऐसे हैं कि कई स्थानों पर वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि अभी पूरी तरह जाम की स्थिति नहीं बनी है लेकिन ट्रैफिक का भारी दबाव लगातार बना हुआ है। पार्किंग स्थल पूरी तरह भर चुके हैं जिससे सड़कों पर भी वाहनों की भीड़ बढ़ गई है।
कई स्थानों पर ट्रैफिक प्लान लागू
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और ट्रैफिक पुलिस लगातार सड़कों पर तैनात है और यातायात को सुचारू रखने का प्रयास कर रही है। कई स्थानों पर ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है लेकिन भारी भीड़ और लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के आगे यह व्यवस्था पूरी तरह कारगर साबित नहीं हो पा रही है।
हरिद्वार जो कि चारधाम यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार है यहां से ही गंगा स्नान के साथ-साथ बदरीनाथ केदारनाथ गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा का मार्ग भी शुरू होता है। ऐसे में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ और वाहनों का दबाव प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।