लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर कांग्रेस और प्रशासन के बीच विवाद अब सड़क पर पहुंच गया है। परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति और बुकिंग को लेकर उठे विवाद के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रशासन आमने-सामने आ गए।
कांग्रेस ने किया दावा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन से परेड ग्राउंड पहुंचे। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए परेड ग्राउंड की बुकिंग पहले से कराई गई थी लेकिन मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर कार्यक्रम स्थल की घेराबंदी कर दी गई।
परेड ग्राउंड पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया और मौके पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक दबाव में कार्यक्रम को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस बल किया तैनात
वहीं विवाद को देखते हुए परेड ग्राउंड में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे ताकि किसी भी तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल होने वाले हैं। उन्होंने प्रशासन से कार्यक्रम के लिए तय स्थल उपलब्ध कराने और किसी भी तरह की बाधा दूर करने की मांग की।
कार्यक्रम स्थल को लेकर जारी इस विवाद के बीच देहरादून में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस और प्रशासन के बीच चल रहे गतिरोध के बाद अब सभी की नजर 17 जुलाई को होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम पर टिकी हुई है।