चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक की चोमेल मऊ सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं वहीं कई स्थानों पर सुरक्षा दीवारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं जिससे यह मार्ग हादसों को आमंत्रण दे रहा है।
सड़क मरम्मत की मांग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत और सुरक्षा दीवारों के निर्माण की मांग संबंधित विभाग से की जा रही है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार द्वारा सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं।
मामले को लेकर चामी के पूर्व ग्राम प्रधान प्रकाश महर ने जानकारी देते हुए बताया कि चोमेल मऊ सड़क क्षेत्र की कई दूरस्थ ग्राम सभाओं को जोड़ती है और इससे लगभग ढाई से तीन हजार की आबादी लाभान्वित होती है। उन्होंने कहा कि सड़क में लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं और पिछले वर्ष आई आपदा के कारण कई जगह सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
गर्भवती महिलाओं को दिक्कत
प्रकाश महर के अनुसार इस स्थिति के कारण सड़क पर हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। साथ ही मरीजों गर्भवती महिलाओं और अन्य यात्रियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कई बार लोक निर्माण विभाग लोहाघाट से सड़क की मरम्मत और क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के पुनर्निर्माण की मांग की गई लेकिन विभाग ने अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया है।
पूर्व प्रधान ने समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से लोक निर्माण विभाग लोहाघाट और प्रशासन से इस महत्वपूर्ण सड़क की शीघ्र मरम्मत तथा सुरक्षा दीवारों के निर्माण की मांग की है ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने विभाग पर लापरवाही के आरोप भी लगाए हैं।