देहरादून : उत्तराखंड में पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर निशाना साधा है। सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है वह सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक जैसे मामलों को कभी दबाया नहीं गया बल्कि हर मामले में तत्काल कार्रवाई की गई है।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पहले के समय में नकल और पेपर लीक की घटनाओं को छुपाने का प्रयास किया जाता था लेकिन वर्तमान सरकार में ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ही कोई मामला सामने आता है उसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।
हाल ही में इंजीनियरिंग सेमेस्टर के एक इंटरनल एग्जाम से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कुछ प्रश्न लीक होने की सूचना मिली थी। मामले की जानकारी मिलते ही तत्काल जांच शुरू कराई गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
100 से अधिक नकल माफिया भेजे जेल
सीएम धामी ने कहा हमने कभी किसी भी प्रकरण को नहीं छुपाया। जो भी मामला सामने आया उस पर सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने नकल माफियाओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है और अब तक 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके शासनकाल में भी कई भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के मामले सामने आए थे लेकिन उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पटवारी भर्ती दरोगा भर्ती उत्तराखंड टेक्निकल बोर्ड और अन्य भर्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों में अनियमितताओं पर सख्त कदम नहीं उठाए गए।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का प्रयास
वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच मुख्यमंत्री के इस बयान से प्रदेश की सियासत और गर्म हो गई है। आने वाले समय में इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है।