मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्णप्रयाग और नगरासू में हाल ही में सामने आए घटनाक्रम को लेकर राज्य सरकार की ओर से निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासन और पुलिस पूरी पारदर्शिता के साथ मामले की जांच कर रहे हैं और पुलिस महानिदेशक स्तर पर लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है।
प्रतिनिधिमंडलों ने अधिकारियों से की मुलाकात
सीएम धामी ने जानकारी दी कि इस मामले को लेकर सभी संबंधित प्रतिनिधिमंडलों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी बात रखी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या दोष को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा के चलते उत्तराखंड में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में राज्य में शांति सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।
दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और भड़काऊ खबरों पर भी सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि जो लोग अफवाहें फैलाकर समाज में तनाव पैदा करने या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करेंगे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेशवासियों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील
उन्होंने प्रदेशवासियों सिख समाज और सभी समुदायों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है जहां सभी धर्मों और श्रद्धास्थलों का सम्मान किया जाता है। सरकार का लक्ष्य है कि पूरे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से हो और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो।