ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित नगला तराई में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आवास पर खेतों में श्रम कर प्राकृतिक खेती का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं खेतों की जुताई की और कृषि कार्यों में भाग लेते हुए किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
पूर्णागिरी मंदिर में की सफाई
मुख्यमंत्री धामी ने इसके बाद पूर्णागिरी मंदिर परिसर में पहुंचकर साफ-सफाई अभियान में हिस्सा लिया और पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया आत्मनिर्भर भारत का संकल्प देश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है जिसे सभी को मिलकर आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता के कारण देश पर आर्थिक बोझ बढ़ता है और कई प्रकार की चुनौतियाँ भी उत्पन्न होती हैं।
प्राकृतिक खेती की शुरुआत
सीएम धामी ने कहा कि इसी सोच के तहत उन्होंने स्वयं अपने खेतों में प्राकृतिक खेती की शुरुआत की है और इसकी विधियों को अपनाकर कृषि को अधिक टिकाऊ और स्वास्थ्यवर्धक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ें ताकि उत्पादन लागत कम हो और भूमि की उर्वरता भी बनी रहे।
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।