हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार में चल रहे कांवड़ मेला-2026 के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री अलकनंदा होटल पहुंचे जहां उन्होंने कांवड़ स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया और मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
श्रद्धालुओं ने की सराहना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवभक्त कांवड़ियों के पैर पखारकर उनका सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने अपने हाथों से कांवड़ियों को भोजन परोसकर सेवा का संदेश दिया। मुख्यमंत्री के इस सेवा भाव की श्रद्धालुओं ने सराहना की।
कांवड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने संत समाज के कथित अपमान के मुद्दे पर सांसद पप्पू यादव और उनके साथियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि साधु-संत भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के आधार स्तंभ हैं। उनके प्रति किसी भी प्रकार का अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हैं कि पप्पू यादव और उनके साथियों को सद्बुद्धि प्रदान करें ताकि वे संत समाज का सम्मान करना सीखें।
सफाईकर्मियों का किया सम्मान
मुख्यमंत्री ने कांवड़ मेले को सफल बनाने में जुटे सफाईकर्मियों पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मचारियों का भी सम्मान किया। उन्होंने कर्मचारियों को माला पहनाई और शॉल ओढ़ाकर उनकी सेवाओं की सराहना की। सीएम ने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सेवा में दिन-रात जुटे सभी कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेले में स्वास्थ्य स्वच्छता सुरक्षा पेयजल यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।
कांवड़ मेला सफलतापूर्वक संपन्न
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक है। हरिद्वार में लाखों शिवभक्त भगवान शिव के प्रति आस्था व्यक्त करने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुविधा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन पुलिस और सभी विभागों के समन्वय से कांवड़ मेला-2026 सफलतापूर्वक संपन्न होगा।