उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में आगामी कांवड़ मेले को लेकर सरकार और शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रशासन और पुलिस लंबे समय से कांवड़ मेले की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक की।
शिवभक्तों के स्वागत के लिए सरकार तैयार
समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड और माँ गंगा के पावन धाम हरिद्वार में आने वाले सभी शिवभक्त कांवड़ियों का सहर्ष स्वागत करती है। सरकार का पूरा प्रयास है कि कांवड़ यात्रा अत्यंत दिव्य भव्य और सुव्यवस्थित हो। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर से जुड़ी तीन बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। सीएम ने कहा कि हरिद्वार अध्यात्म का एक प्रमुख वैश्विक केंद्र है। भविष्य में यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या फुटफॉल को ध्यान में रखते हुए दूरदर्शी विज़नरी योजनाओं पर काम किया जा रहा है। जब ये योजनाएँ धरातल पर उतरेंगी तो श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर व्यापार पर्यटन और रोज़गार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी
डीजे और साउंड सिस्टम पर प्रतिबंध से जुड़े सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गत वर्ष जो निर्णय लिए गए थे इस वर्ष भी वही व्यवस्था प्रभावी रहेगी। कांवड़ मार्ग पर दुकानदारों और व्यापारियों की पहचान पटिका सत्यापन के मुद्दे पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि व्यापारियों का पंजीकरण और पहचान पत्र अनिवार्य रूप से होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गंदगी मिलावट या संदिग्ध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रशासन इस पर सख्त नज़र रखेगा।