अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रदेशवासियों को स्वस्थ और निरोग जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
वैश्विक स्तर पर नई पहचान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। योग न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में स्वास्थ्य संतुलन और मानसिक शांति का प्रतीक बन चुका है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है बल्कि यह मानसिक शांति आत्मानुशासन और संतुलित जीवन का भी आधार है। नियमित योगाभ्यास से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति अधिक स्वस्थ एवं तनावमुक्त रहता है।
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से किया आह्वान
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ समाज ही विकसित राष्ट्र की नींव रखता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी विभिन्न योगासन किए और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। राज्य सरकार द्वारा योग दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारियां की जा रही हैं जिसमें विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।