चमोली : जनपद चमोली में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले-2026 का आयोजन किया गया। मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने गौचर मेले की ऐतिहासिक सांस्कृतिक और आर्थिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मेला वर्षों से अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। समय के साथ यह औद्योगिक विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में स्थापित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं है बल्कि यह स्थानीय व्यापारियों कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों और हुनर को प्रदर्शित करने का बड़ा अवसर भी प्रदान करता है। यह मेला हमारी समृद्ध विरासत और परंपराओं को सहेजने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलती है और क्षेत्र के लोगों को अपनी प्रतिभा एवं उद्यमशीलता दिखाने का अवसर मिलता है। गौचर मेले जैसे आयोजन स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
गांवों में ही रोजगार उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। युवाओं को रोजगार के लिए मजबूरी में अपना घर और पहाड़ छोड़कर दूसरे शहरों की ओर पलायन न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि कृषि बागवानी पशुपालन पर्यटन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों के माध्यम से युवाओं की आय बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार चाहती है कि स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं का बेहतर उपयोग कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जाए और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिले।
रोजगारपरक योजनाओं को दिया जा रहा बढ़ावा
सीएम धामी ने कहा कि इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने पर्यटन नीति होमस्टे नीति फिल्म नीति सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं को आगे बढ़ाया है। इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन कृषि बागवानी और हस्तशिल्प के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों को प्रोत्साहित कर स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत किया जा सकता है। सरकार का प्रयास है कि विकास की योजनाओं का लाभ प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचे।
विरासत और विकास का संगम है गौचर मेला
मुख्यमंत्री ने गौचर मेले को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत परंपराओं और औद्योगिक विकास का संगम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मेले हमारी लोक संस्कृति और पारंपरिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम करते हैं। साथ ही स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने में भी सहायक होते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। गौचर मेले जैसे आयोजन इन प्रयासों को नई दिशा देने के साथ ही प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।