आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी भी चुनावी मोड में नजर आ रही है। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा बीएलए-2 संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया।
कार्यकर्ताओं का संगठन मजबूत पर जोर
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों एवं एसआईआर Special Intensive Revision के प्रदेश संयोजकों ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण और एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के सत्यापन नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के वोट काटने का प्रयास कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भी लाखों मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने और मतदाता सूची की गहन निगरानी करने की आवश्यकता है।
191 बूथों पर नियुक्ति
डोईवाला विधानसभा के बीएलए-1 करतार नेगी ने बताया कि कांग्रेस संगठन ने विधानसभा क्षेत्र के सभी 191 बूथों पर बीएलए-2 की नियुक्ति कर दी है। नियुक्त कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पूरी डोईवाला विधानसभा को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके तथा चुनावी तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में मजबूती के साथ उतरने की तैयारी कर रही है और इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।