उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और देहरादून के आरटीओ संदीप सैनी के बीच हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में शहर के सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देने पर चर्चा हुई। आरटीओ संदीप सैनी ने बताया कि जनता की ओर से सार्वजनिक परिवहन की कमी को लेकर लगातार मिल रहे फीडबैक के बाद मंत्री जी ने उन क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं जहाँ अभी बसें नहीं पहुंच पा रही हैं।
टीम ने किया क्षेत्रों का सर्वे
संदीप सैनी ने कहा कि विभाग और स्मार्ट सिटी की टीम ने संयुक्त रूप से ऐसे क्षेत्रों का सर्वे पूरा कर लिया है जहाँ सार्वजनिक परिवहन की आवश्यकता है। इन चिन्हित रूटों के विस्तार और नए परमिट जारी करने की कार्यवाही आगामी आरटीए की बैठक में की जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि केंद्र सरकार की पीएम-ई योजना के तहत देहरादून शहर को 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। ये बसें देहरादून के लिए एक स्पेशल पर्पस व्हीकल के रूप में काम करेंगी।
बस स्टैंड का चयन
विभाग अब इन बसों के संचालन के लिए बस स्टैंड का चयन कर रहा है और उनकी टाइमिंग निर्धारित की जा रही है। आरटीओ संदीप सैनी ने विश्वास दिलाया कि अगले एक-दो महीनों के भीतर इन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा जिससे शहरवासियों को सुगम और आधुनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी। यह पहल देहरादून की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुलभ और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।