भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के सभी महासचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
तैयारियों को अंतिम रूप
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जून माह के भीतर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने विशेष रूप से विधानसभा स्तर पर कोर कमेटियों के गठन पर जोर दिया। साथ ही मोर्चा और प्रकोष्ठों की भूमिका और प्रचार रणनीति को शीघ्र तय करने के निर्देश भी दिए गए ताकि संगठनात्मक ढांचा और अधिक मजबूत किया जा सके।
सूत्रों के अनुसार बैठक में उत्तराखंड में आगामी राजनीतिक परिस्थितियों और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। पार्टी नेतृत्व का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर रहा।
केंद्रीय नेतृत्व की सामान्य प्रक्रिया
वहीं इस बैठक को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे एक नियमित संगठनात्मक बैठक बताया। उन्होंने कहा कि यह केंद्रीय नेतृत्व की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है जिसमें समय-समय पर राज्यों की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की जाती है।
नेताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का उत्तराखंड दौरा हुआ था जिसके बाद वरिष्ठ नेताओं सांसदों और विधायकों को उनके-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी।
दिल्ली में हुई इस बैठक में भी संगठन को आगामी रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए ताकि 2027 विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी मजबूत प्रदर्शन कर सके और बड़े अंतर से जीत हासिल कर सके।