डोईवाला : डोईवाला से दूधली–मोथरोवाला बायपास मार्ग का अधूरा निर्माण क्षेत्रवासियों और राहगीरों के लिए लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और अधूरा निर्माण कार्य लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन गए हैं। मानसून के चलते निर्माण कार्य प्रभावित होने से हालात और भी खराब हो गए हैं जिससे इस मार्ग पर हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
वाहन चालक हादसे का शिकार
यह बायपास मार्ग क्षेत्र का एक प्रमुख संपर्क मार्ग है जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है जिससे वाहन चालकों के हादसे का शिकार होने की आशंका लगातार बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार वाहन चालक गड्ढों से बचने के प्रयास में असंतुलित हो जाते हैं जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। उनका आरोप है कि लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है लेकिन इसे समय पर पूरा करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
इस संबंध में ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सड़क की स्थिति में शीघ्र सुधार करने गड्ढों को भरने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
वहीं क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मानसून के दौरान अस्थायी रूप से सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और गड्ढों को भरा जाए ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।