डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ पहाड़ी गांव गडूल के ईठारना क्षेत्र में ग्रामीण बदहाल सड़क व्यवस्था से परेशान हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना PMGSY के तहत बनने वाली करीब 9 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। अधूरी सड़क के कारण रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों को बाजार स्कूल अस्पताल और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं तथा सड़क पर चलना तक मुश्किल हो जाता है।
मानसून नजदीक आने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ तो बरसात में क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मानसून शुरू होने से पहले सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग
गडूल के बीडीसी सदस्य रविंद्र रावत और ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने भी निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में हो रही देरी से ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और संबंधित विभाग को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहा है, जो लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुका है। यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू कर सड़क पूरी नहीं की गई तो ग्रामीण मजबूर होकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।