डोईवाला तहसील मुख्यालय पर अखिल भारतीय किसान सभा से जुड़े किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करते हुए गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद किसानों ने डोईवाला उप जिलाधिकारी अपर्णा ढोंढीयाल के माध्यम से उत्तराखंड सरकार को ज्ञापन सौंपा।
जनविरोधी नीतियों में बदलाव करने की मांग
किसानों ने सरकार से जनविरोधी नीतियों में तत्काल बदलाव करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो उन्हें उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि प्रदेश का किसान लगातार कई समस्याओं से जूझ रहा है। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है वहीं बिजली संकट के कारण खेती प्रभावित हो रही है। इसके अलावा फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
किसानों ने कहा कि डोईवाला क्षेत्र में गन्ना किसानों की मुख्य फसल है और इसे यहां के किसानों की रीढ़ की हड्डी माना जाता है। बावजूद इसके गन्ने का भुगतान समय पर नहीं हो पा रहा है जिससे किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। किसानों ने सरकार से गन्ना मूल्य बढ़ाने और भुगतान प्रक्रिया को समयबद्ध करने की मांग की।
कांग्रेस ने दिया आंदोलन को समर्थन
इस दौरान कांग्रेस नेता मोहित उनियाल ने भी किसानों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही स्मार्ट मीटर का विरोध करती आ रही है और आगे भी इसका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से आम जनता और किसान दोनों परेशान हैं।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की।